सुलतानपुर: छठ पूजा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सीताकुण्ड घाट का किया निरीक्षण*
सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
सुलतानपुर, आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सीताकुण्ड घाट का स्थलीय निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक ने घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें।उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में पर्व मना सकें। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
