प्रतापगढ़: दीपावली पर वृद्धाश्रम पहुंचे एसपी दीपक भूकर, बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां*
एसपी प्रतापगढ़ व उनकी पत्नी आईआरएस अदिति मोर ने वृद्धजनों के साथ मनाया दीपोत्सव,*
प्रतापगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर एवं उनकी पत्नी आईआरएस अदिति मोर ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्ध महिलाओं एवं पुरुषों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं उनकी पत्नी ने वृद्धजनों को दीपावली की मिठाई एवं पूजन सामग्री वितरित की। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय एवं खुशहाल जीवन की कामना की। बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताने से वृद्धाश्रम में आत्मीयता एवं हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला।
*बुजुर्गों से संवाद कर जाना हालचाल*
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने वृद्धजनों से उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय व्यतीत कर उन्हें अपनत्व, सम्मान एवं भावनात्मक सहयोग का एहसास कराया। दीपावली के अवसर पर अधिकारियों की इस संवेदनशील पहल से वृद्धजनों के चेहरों पर प्रसन्नता झलक उठी।
*सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध प्रतापगढ़ पुलिस*
प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। जरूरतमंदों की सहायता एवं समाज के वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करते हुए पुलिस विभाग जनहित में निरंतर कार्य कर रहा है। दीपावली के अवसर पर वृद्धाश्रम में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सेवा भावना एवं मानवीय मूल्यों का प्रेरणादायी संदेश देता नजर आया।




