प्रतापगढ़: पात्र होने के बावजूद आवास से वंचित पीड़ितों की उठी आवाज*
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा की टीम पहुंची पट्टी तहसील, एसडीएम से नहीं हुई मुलाकात तो स्टेनो को सौंपा ज्ञापन*
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा में पात्र होने के बावजूद आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायतों को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। मंगलवार को जिला प्रभारी कमलेश पांडेय के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी एवं पांच सदस्यीय टीम पीड़ितों की समस्याओं को लेकर पट्टी तहसील पहुंची। टीम ने अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ तिवारी के दिशा-निर्देशन में पीड़ित परिवारों की समस्याओं को एसडीएम पट्टी के समक्ष रखने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर एसडीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद टीम ने एसडीएम के स्टेनो को ज्ञापन सौंपकर पीड़ितों की समस्याओं के समाधान और पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग की। महासभा के पदाधिकारियों के अनुसार, रविवार को नगर पंचायत ढकवा में सर्वेक्षण के दौरान कुछ ऐसे परिवारों के घरों का स्थलीय निरीक्षण किया गया था, जो पात्र होने के बावजूद आवास की सुविधा से वंचित बताए गए। टीम ने इन परिवारों की स्थिति को प्रशासन के संज्ञान में लाते हुए आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की मांग की। पांच सदस्यीय टीम में उमाकांत दुबे (पूर्व प्रधान अतरौरा-मीरपुर), अरुण कुमार मिश्रा, छोटेलाल गौतम और नगर नंबरदार सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। टीम ने प्रशासन से संबंधित मामलों की गंभीरता से जांच कर पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। इस दौरान महासभा के जिला पदाधिकारियों में अनुज मिश्रा, शिवम तिवारी, नीरज तिवारी, उमेश तिवारी, राजेश तिवारी, धर्मेंद्र दुबे, मोनू, सम्राट उपाध्याय, प्रदीप पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

