बहरीपुर में 12 नवंबर से सजेगा रामलीला का मंच, चार दिनों तक होगा भव्य मंचन
श्री राम सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में रामलीला समिति का आयोजन, 15 नवंबर को भव्य लंका दहन एवं विशाल मेले का होगा आयोजन
बहरीपुर, जौनपुर। क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री राम सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित रामलीला समिति बहरीपुर की ओर से चार दिवसीय भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 12 नवंबर से 15 नवंबर तक शीतला माताजी मंदिर, बहरीपुर बाजार में आयोजित होगा।
आयोजन के प्रथम दिन 12 नवंबर, गुरुवार को राम वनगमन एवं दशरथ मरण का मंचन किया जाएगा। 13 नवंबर, शुक्रवार को सीता हरण एवं लंका दहन, जबकि 14 नवंबर, शनिवार को लक्ष्मण शक्ति एवं मेघनाद वध की लीला प्रस्तुत की जाएगी। अंतिम दिन 15 नवंबर, रविवार को विशेष कलाकारों द्वारा भव्य लंका दहन का आयोजन होगा। इसके साथ ही विशाल मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
रामलीला में विशेष कलाकारों द्वारा आकर्षक एवं जीवंत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन समिति के अनुसार रामलीला के विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान लांग प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। निर्णायक समिति के निर्णय के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संस्थापक अखिलेश कुमार मिश्रा (गुड्डू) एवं अध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता सहित पूरी आयोजन समिति तैयारियों में जुटी हुई है। समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने की अपील की है।
आयोजन समिति ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।