प्रतापगढ़: सोनपुरा - ढकवा मोड़ पर बाइक और साइकिल में भीषण भिड़ंत, चार घायल
*एक की हालत गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर; तीन का सीएचसी चांदा में चल रहा इलाज*
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा क्षेत्र के एनएच-731 फोरलेन पर सोनपुरा-ढकवा मोड़ के पास शाम साढ़े तीन बजे मोटरसाइकिल और साइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ढकवा चौकी प्रभारी अवध राज यादव उपनिरीक्षक शिवम त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदा पहुंचाया। साथ ही घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार सुरेश पुत्र राजबली निवासी काजगांव कुंडवा, थाना लाइन बाजार, सत्य पुत्र राम जियावन निवासी भैरोपुर, थाना बक्सा, जनपद जौनपुर तथा खुशबू पुत्री नन्हे गौतम निवासी कोइरीपुर, थाना चांदा, जनपद सुल्तानपुर सुल्तानपुर की तरफ से आ रहे थे। वहीं साइकिल सवार अशोक मौर्य पुत्र रामफेर मौर्य निवासी ग्राम सभा सोनांवा दरियवा, थाना चांदा, ढकवा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपुरा-ढकवा मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें चारों लोग घायल हो गए। वहीं *सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदा के अधीक्षक आरसी यादव ने बताया कि घायलों में एक की हालत गंभीर थी। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत स्थिर है और उनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।*




