लम्भुआ में अधिवक्ताओं को मिलेगी बड़ी सौगात, बनेंगे 120 चैंबर
23 नवंबर को होगा भूमि पूजन, बार एसोसिएशन के प्रत्येक अधिवक्ता को मिलेगा अपना चैंबर; आधुनिक सुविधाओं से युक्त हॉल का भी होगा निर्माण
लम्भुआ, सुल्तानपुर। तहसील लम्भुआ में अधिवक्ताओं को जल्द ही अपने कार्यों के लिए बेहतर और व्यवस्थित कार्यस्थल मिलने की उम्मीद जगी है। सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा निषाद पार्टी के नेता डॉ. आशीष तिवारी ने बार एसोसिएशन के सभी अधिवक्ताओं को एक-एक चैंबर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इसके तहत तहसील परिसर में कुल 120 चैंबरों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही अधिवक्ताओं के आधुनिक सुविधा के निर्माण कार्य का भूमि पूजन 23 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है।
डॉ. आशीष तिवारी की इस पहल को लम्भुआ के अधिवक्ता समाज के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से अधिवक्ताओं को बैठने, वादकारियों से मुलाकात करने और न्यायिक कार्यों से जुड़ी जरूरी चर्चाओं के लिए समुचित स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब 120 चैंबरों के निर्माण की योजना से इस समस्या के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।

डॉ. तिवारी ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे आम जनमानस को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करते हैं। ऐसे में उन्हें सम्मानजनक और सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना भी जरूरी है। गर्मी, बरसात और अन्य मौसम में अधिवक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसी सोच के साथ प्रत्येक अधिवक्ता को अपना चैंबर देने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल भवन निर्माण कराना नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। योजना पूरी होने पर अधिवक्ताओं को अपने पेशेवर कार्यों के संचालन में सहूलियत मिलेगी और वादकारियों को भी बेहतर माहौल उपलब्ध हो सकेगा।

सेवा ही संकल्प के ध्येय के साथ शुरू की जा रही इस पहल से लम्भुआ तहसील में अधिवक्ताओं के लिए सुविधाओं का नया अध्याय जुड़ने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें 23 नवंबर को होने वाले भूमि पूजन और निर्माण कार्य के शुभारंभ पर टिकी हैं।