प्रतापगढ़ : माइक्रो फाइनेंस कंपनी में 53.90 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी
18 गांवों के 138 सदस्यों से फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी का आरोप, पट्टी चौराहे से हुई गिरफ्तारी
प्रतापगढ़। थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी में गबन, धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार सरोज (30) पुत्र बंसतलाल, निवासी शरमा (पृथ्वीगंज), थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2025 को आशिर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड, शाखा ढकवा के रीजनल मैनेजर ज्ञानेन्द्र यादव की तहरीर पर शाखा प्रबंधक वेद प्रकाश श्रीवास्तव, उप शाखा प्रबंधक कौस्तुभ उपाध्याय, फील्ड स्टाफ सिद्धार्थ यादव, सूरज कुमार सरोज, संतोष कुमार यादव सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि 8 मार्च 2025 से 26 जून 2025 के बीच 18 गांवों के 138 सदस्यों से फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से कुल 53 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी, गबन और जालसाजी की गई।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी आसपुर देवसरा राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक हरीन्द्र नारायण राय ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी सूरज कुमार सरोज को पट्टी चौराहे पर दया हॉस्पिटल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी मु0अ0सं0 270/25, धारा 316(5)/61(2) बीएनएस, थाना आसपुर देवसरा से संबंधित बताई गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरीन्द्र नारायण राय, कांस्टेबल श्रवण कुमार, कांस्टेबल शुभम यादव एवं महिला आरक्षी प्रियंका प्रजापति शामिल रहे।
