50 हजार रुपये में बेच दिया एक साल का मासूम, पुलिस ने सकुशल कराया बरामद*
*कादीपुर बस स्टेशन के बाहर से हुआ था अपहरण, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार; बच्चे को लेकर मुंबई तक पहुंचा था आरोपी*
सुलतानपुर। कादीपुर रोडवेज बस स्टेशन के बाहर से अपहृत एक वर्षीय मासूम को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अपहरण के बाद बच्चे को 50 हजार रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने अपहरण करने वाली महिला और बच्चे को खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से बिक्री के 50 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बीते सात नवंबर को जौनपुर निवासी सुरवीना अपने एक वर्षीय बेटे तौफीक और करीब पांच वर्षीय बेटी के साथ कादीपुर बस स्टेशन पहुंची थी। वह मासूम को अपनी बेटी के पास छोड़कर पानी लेने चली गई। वापस लौटी तो बच्चा गायब था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कादीपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की कई टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में ऊषा नाम की महिला की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बच्चे को बेचने से मिले 50 हजार रुपये बरामद किए।
इसके बाद पुलिस ने ग्राम मगरामा स्थित साजिद कार वाशिंग सेंटर के पास से दूसरे आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से मासूम तौफीक को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला ने पांच नवंबर को पटेल चौराहे से एक छोटी बच्ची को बहलाकर उसकी गोद में मौजूद मासूम को अपने साथ ले लिया था। बाद में उसे 50 हजार रुपये में जितेंद्र को बेच दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चे को बेचने के इरादे से मुंबई तक ले गया था, लेकिन सौदा तय नहीं होने पर वापस लौट आया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मासूम की सकुशल बरामदगी से परिवार ने राहत की सांस ली है।
