पीली नदी पर पुल के भूमिपूजन का शिलापट्ट क्षतिग्रस्त,
विधायक ने जताई नाराजगी, कहा कृत्य का जवाब जनता स्वयं देखी
सिंगरामऊ, जौनपुर।** क्षेत्र के कबेली और बहुर गांव के बीच पीली नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण को लेकर शुक्रवार को हुए भूमिपूजन के बाद एक अप्रिय घटना सामने आई है। भूमिपूजन स्थल पर लगाया गया शिलापट्ट रात में अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शनिवार सुबह ग्रामीणों और राहगीरों ने शिलापट्ट को टूटी अवस्था में देखा तो इसकी जानकारी क्षेत्र में फैल गई।
गौरतलब है कि पीली नदी पर पुल निर्माण की मांग क्षेत्रीय लोगों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। शासन से निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने के बाद शुक्रवार को बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने वैदिक विधि-विधान के साथ भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया था। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर शिलापट्ट भी स्थापित किया गया था।
बताया जा रहा है कि रात के समय अज्ञात अराजक तत्वों ने शिलापट्ट को तोड़ दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

इस संबंध में विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि उन्हें शिलापट्ट तोड़े जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों से असहमत लोग इस तरह की हरकत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कृत्य का फैसला क्षेत्र की जनता अपने विवेक से करेगी।