प्रतापगढ़: दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश*
जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लें अधिकारी, पेयजल संकट दूर करने के लिए टैंकर से पानी पहुंचाने के निर्देश*
प्रतापगढ़। विकास भवन सभागार में गुरुवार को सांसद डॉ. शिवपाल सिंह पटेल की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत, पेयजल संकट, नहरों की सफाई, शिक्षा और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सांसद ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की शिकायतों एवं प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत 38 ग्रामसभाओं में खारे पानी की समस्या पर स्थायी समाधान होने तक टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने को कहा। वहीं, सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने, नहरों की सफाई कर टेल तक पानी पहुंचाने तथा डिजिटल लाइब्रेरी का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में आरटीई के तहत 1384 बच्चों के नामांकन, 319 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था तथा नगर निकायों के कूड़ा संग्रहण वाहनों में जीपीएस व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। सांसद ने विकास कार्यों के उद्घाटन एवं लोकार्पण में संबंधित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा विभागीय कार्यक्रमों की सूचना समय से देने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक रानीगंज डॉ. आरके वर्मा, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, विधायक पट्टी राम सिंह पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




