जौनपुर, उत्तर प्रदेश
तीखी आवाज़ 24 — निर्भीक · निष्पक्ष · निरंतर
ब्रेकिंग
ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में भाई दूज पर स्नेह और आध्यात्मिकता का संगम NH-731 पर भीषण सड़क हादसा सिंगरामऊ पुलिस ने मुकदमे में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत* पेट्रोल पंप से 1.27 लाख रुपये लेकर नोजल मैन फरार, बहरीपुर में 12 नवंबर से सजेगा रामलीला का मंच, चार दिनों तक होगा भव्य मंचन
जौनपुर

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में भाई दूज पर स्नेह और आध्यात्मिकता का संगम

बी.के. आरती दीदी ने दिया पवित्र रिश्तों और सकारात्मक जीवन का संदेश, अमित पाण्डेय को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

बदलापुर, जौनपुर। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक भाई दूज का पर्व बदलापुर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित स्नेह मिलन समारोह में पारिवारिक रिश्तों की मिठास के साथ आध्यात्मिक विचारों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी ने की।

समारोह में बहनों ने भाइयों के माथे पर कुमकुम का तिलक लगाकर उनके सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट करते हुए पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर बी.के. आरती दीदी ने कहा कि भाई दूज केवल परंपरा निभाने का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, निस्वार्थ प्रेम और आत्मिक संबंधों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। शिव बाबा के दिव्य गुणों एवं ईश्वरीय प्रेम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक विचार, विनम्र व्यवहार और एक-दूसरे के प्रति सम्मान अपनाने से परिवार तथा समाज में सुख-शांति स्थापित की जा सकती है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महाराजगंज निवासी अमित पाण्डेय का सम्मान रहा। सेवा केंद्र की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आत्मीयता व्यक्त की।

इस मौके पर बी.के. डॉ. अशोक कुमार मिश्र, बी.के. हरिश्चंद्र, जगदीश, अशेष भाई, अश्वनी, राहुल, रामफेर तिवारी, सुनील गुप्ता, बी.के. नन्हेंलाल शुक्ला, कमलेश एवं माता रानी दीदी सहित अनेक भाई-बहन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने आपसी प्रेम, विश्वास, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। समारोह ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी रिश्तों में मिठास और समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में है।