प्रतापगढ़ थाना मांधाता के अंतर्गत हैंसी बाजार चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार*
03 एम्पलीफायर, 06 स्पीकर, 57 ट्वीटर समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद*
प्रतापगढ़। थाना मांधाता पुलिस ने हैंसी बाजार में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी खेप बरामद की है। बरामद सामान की पहचान दुकान मालिक विपुल पटेल ने की है। पुलिस के अनुसार, 26/27 सितंबर की रात हैंसी बाजार स्थित विपुल पटेल की दुकान से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया गया था। मामले में थाना मांधाता में मुकदमा अपराध संख्या 134/2026 धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक प्रभात वर्मा और उपनिरीक्षक अनूप यादव पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर मिश्रपुर जाने वाले रास्ते पर संत निरंकारी आश्रम के आगे से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनुपम पटेल (20) निवासी परसरामपुर, आदित्य यादव (18) निवासी शोभीपुर तथा सौरभ पटेल (19) निवासी परसरामपुर, थाना मांधाता के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुकान से चोरी करने की बात बताई। आरोपितों की निशानदेही पर उनके साथी के खपरैल के घर से 03 एम्पलीफायर, 06 अदद 15 इंच स्पीकर, 02 मिक्सर, 57 पीस ट्वीटर और 01 डिस्ट्रीब्यूटर बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपितों की जामा तलाशी से रियलमी, वीवो और रेडमी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए। बरामद इलेक्ट्रॉनिक सामान की पहचान वादी विपुल पटेल ने की। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रभात वर्मा, उपनिरीक्षक अनूप यादव, हेड कांस्टेबल रविशंकर यादव, कांस्टेबल ज्वाला सिंह एवं कांस्टेबल सर्वेश पाण्डेय शामिल रहे।