बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत*
पति घायल; चालक फरार, पुलिस वाहन की तलाश में जुटी*
*
*
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार में बुधवार दोपहर बस की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के सीठापुर गांव निवासी शहनाज (35) अपने पति असगर के साथ बाइक से दवा लेने जौनपुर जा रही थीं। दोपहर करीब एक बजे फतेहगंज बाजार स्थित पुलिया के पास मछलीशहर की ओर से जौनपुर जा रही एक बस ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शहनाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति असगर के हाथ और पैर में चोटें आईं।

हादसे की सूचना मिलते ही फतेहगंज हल्का प्रभारी सकलदीप सिंह कांस्टेबल अंकुश कुमार और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि शहनाज अपने पति और तीन बच्चों के साथ मुंबई में रहती थीं। करीब दस दिन पहले उनके ससुर लाल मोहम्मद की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद पूरा परिवार मुंबई से अपने पैतृक गांव सीठापुर आया था। शहनाज की सबसे बड़ी बेटी 18 वर्ष की है, जबकि दो बेटों की उम्र 14 और 8 वर्ष है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। महिला की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस फरार बस चालक और वाहन की तलाश कर रही है।