प्रतापगढ़: डीएम ने रानीगंज सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं शिकायतें, 05 का मौके पर निस्तारण*
शिकायतों का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से करें : जिलाधिकारी*
प्रतापगढ़, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील रानीगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 183 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। इनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में 94 राजस्व विभाग, 51 पुलिस विभाग, 10 विकास विभाग तथा 28 शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी मौके पर जाकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जांच करें और गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में अनदेखी अथवा शिथिलता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए तथा दोनों पक्षों की स्थिति की निष्पक्ष जांच कर विवाद का शीघ्र समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भूमि संबंधी मामलों का निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को न्याय मिल सके। डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि कोई भी पात्र एवं गरीब व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए। सभी विभाग अपने स्तर से सतर्कता बरतते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रानीगंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



