सुल्तानपुर : राजस्व टीम पर हमले का पुलिस ने लिया कड़ा एक्शन, पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार*
दो थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन को लगी गोली; स्कॉर्पियो, थार, अवैध असलहे और छह खनन वाहन सीज*
सुल्तानपुर। अवैध मिट्टी खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ सुल्तानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार 4 नवंबर को कोतवाली नगर और अखंडनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ हुई। इस दौरान पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।
*सुबह 5:00 कोतवाली नगर में पहली मुठभेड़*

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक, कोतवाली नगर पुलिस की सुबह करीब पांच बजे बदमाशों से मुठभेड़ हुई। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वांछित अभियुक्त राहुल सिंह गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो अन्य साथी नौशाद और मनोज को भी गिरफ्तार किया गया। राहुल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक स्कॉर्पियो बरामद हुई।
*अखंडनगर में पौने नौ बजे दूसरी मुठभेड़*
इसी मामले में सुबह करीब पौने नौ बजे अखंडनगर पुलिस की भी बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में वांछित अभियुक्त संदीप सिंह और प्रशांत सिंह गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इनके कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की थार गाड़ी बरामद की गई।
*खनन माफियाओं पर शिकंजा, छह वाहन सीज*
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पहुंची राजस्व टीम ने जब मौके पर खनन रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टीम पर हमला कर मारपीट की थी। मामले में कोतवाली नगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने इस कार्रवाई में अब तक कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध खनन में प्रयुक्त चार डंपर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया गया है।
*एक दर्जन मुकदमों में वांछित रहा राहुल*
पुलिस के अनुसार, घायल अभियुक्त राहुल सिंह के विरुद्ध पूर्व में विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। संदीप सिंह के खिलाफ भी कई गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। एसपी विनीत जायसवाल ने स्पष्ट किया कि इस घटना में प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

