प्रतापगढ़: तुलसीसदन में मेगा विधिक सेवा शिविर का भव्य आयोजन*
15 करोड़ का डेमो चेक वितरित, दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल; 256 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ*
प्रतापगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को तुलसीसदन (हादीहाल) में वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 15 करोड़ रुपये का डेमो चेक, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के दो लाभार्थियों को पांच-पांच लाख तथा युवा स्वरोजगार योजना के एक लाभार्थी को 25 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। पांच दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और पांच लोगों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अभियान के तहत 52,395 लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए चिह्नित किया गया, जिनमें 36,562 लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया। कार्यक्रम में कुल 256 व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ एवं प्रमाण पत्र दिए गए। प्रभारी जिला जज जितेन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शांभवी, अपर जिला जज सहित न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।




