सुल्तानपुर: अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमला, नायब तहसीलदार व लेखपाल घायल*
डीएम इंद्रजीत सिंह ने दी घटना की जानकारी, दो एफआईआर दर्ज, दो संदिग्ध हिरासत में; एक डंपर बरामद*
सुलतानपुर। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में नायब तहसीलदार सदर और लेखपाल घायल हो गए। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मामले में बयान जारी कर बताया कि देर रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच एसडीएम सदर के सीयूजी नंबर पर अवैध खनन की सूचना प्राप्त हुई थी।
डीएम के मुताबिक, सूचना मिलते ही एसडीएम सदर ने तत्काल टीम गठित कर नायब तहसीलदार और लेखपालों को सुरक्षा गार्डों के साथ मौके पर भेजा। संबंधित पुलिस चौकी को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर अवैध खनन की सूचना सही पाई गई। इसी दौरान खनन में शामिल लोग डंपर लेकर भागने लगे और कार्रवाई कर रही टीम पर हमला कर दिया। हमले में नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया तथा पुलिस को सक्रिय कर मौके पर अतिरिक्त फोर्स पहुंचाई गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और एक डंपर भी बरामद किया गया है। डीएम इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के मामले की जांच जारी है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अवैध खनन पर रोक लगाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

