प्रतापगढ़ : दहेज हत्या के मामले में आसपुर देवसरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई*
विवाहिता की मौत के मामले में पति, ससुर और सास गिरफ्तार,*
प्रतापगढ़। थाना आसपुर टीवीदेवसरा क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने निखिल वर्मा, रामकुमार वर्मा और संगीता देवी को गधियावां पट्टी रोड स्थित नारायण महाविद्यालय के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जौनपुर जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बनकट लोदी (नगईपुर) निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री काजल की शादी ग्राम गधियावां निवासी निखिल पटेल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और ननद द्वारा दहेज में दोपहिया वाहन और एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर काजल को प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी। बताया गया कि 28 जुलाई 2026 को काजल के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर परिजन उसे उपचार के लिए प्रयागराज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। इस मामले में थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा अपराध संख्या 205/2026 के तहत बीएनएस की धारा 80(2), 85, 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति निखिल वर्मा (22 वर्ष), ससुर रामकुमार वर्मा (46 वर्ष) और सास संगीता देवी (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जावेद अहमद खान, उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव, कांस्टेबल वीरेन्द्र यादव, किशन दुबे, नीरज पटेल तथा महिला कांस्टेबल गायत्री यादव शामिल रहीं।
