प्रतापगढ़ : 286 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से सम्पन्न*
सात फेरों और निकाह के साथ एक-दूजे के हुए जोड़े, जनप्रतिनिधियों ने दिया सुखी दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद*
प्रतापगढ़, 03 नवम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें कुल 286 जोड़े पूरे विधि-विधान और अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह बंधन में बंधे। विवाह समारोह में 160 अनुसूचित वर्ग, 120 पिछड़ा वर्ग, तीन सामान्य वर्ग तथा तीन मुस्लिम जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरों के माध्यम से तथा मुस्लिम जोड़ों का निकाह की रस्म के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, एमएलसी अमरपाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह, सांसद प्रतिनिधि बीएल पटेल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक सेहरा सहित अन्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र वितरित कर सुखी दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का बड़ा सहारा बनी है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी पिता को अपनी बेटी की शादी करने से वंचित न रहना पड़े।




