प्रतापगढ़ : दीपावली पर मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य विभाग का शिकंजा*
शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत मिठाई, पनीर और दूध समेत 08 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए*
प्रतापगढ़, 03 नवम्बर। दीपावली पर्व पर मिलावटखोरी रोकने और लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में जांच अभियान चलाया। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सचल दल ने विभिन्न बाजारों में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल आठ नमूने संग्रहित किए। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर सहायक आयुक्त अभय कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने कुंडा, डेरवा, हीरागंज, मानिकपुर, गड़वारा, पट्टी और मान्धाता क्षेत्र में कार्रवाई की। जांच के दौरान पनीर, कलाकंद, बेसन लड्डू, पेड़ा, बेसन और दूध के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने दीपावली को देखते हुए खोया, पनीर, दूध, घी, मिठाई, नमकीन, ड्राई फ्रूट और खाद्य तेल की बिक्री एवं भंडारण पर निगरानी तेज कर दी है। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी एवं डॉ. शमशुन नेहा मौजूद रहे।


