प्रतापगढ़ : गरीबों और असहायों की आवाज उठाएगी अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा*
जिला प्रभारी कमलेश पाण्डेय ने पांच सदस्यीय टीम का किया गठन, आसपुर देवसरा से होगी पहल की शुरुआत*
प्रतापगढ़। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के जिला प्रभारी कमलेश पाण्डेय ने पत्रकार वार्ता में संगठन की आगामी पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में गरीब, असहाय और बेघर लोगों की समस्याओं को सामने लाने के लिए संगठन की ओर से पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।यह टीम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे जरूरतमंद लोगों को चिन्हित करेगी, जिनके सामने आवास, आर्थिक सहायता अथवा अन्य मूलभूत जरूरतों से जुड़ी समस्याएं हैं। टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेगी और संबंधित लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेगी, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक सहायता का लाभ मिल सके। कमलेश पाण्डेय ने कहा कि संगठन अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की मदद के लिए भी प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत आसपुर देवसरा ब्लॉक से की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।