आशीर्वाद के दीयों’ से रोशन हुआ प्रतापगढ़
अजगरा के पौराणिक सरोवर पर 5100 दीपों से जगमगाया परिसर
प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले में ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम सात बजे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों एवं आमजन ने अपने घरों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर विकास और जनसेवा के संकल्प का संदेश दिया। अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल के पौराणिक सरोवर पर विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम हुआ। विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह एवं ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। इस दौरान सरोवर लगभग 5100 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम के तहत माँ बेल्हा देवी धाम, डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, चिलबिला रेलवे स्टेशन, माँ बाराही देवी धाम, कम्पनी गार्डेन, मानिकपुर माँ गंगा घाट, बाबा घुइसरनाथ धाम, खुयलन धाम एवं रामगंज नगर पंचायत कार्यालय समेत जिले के विभिन्न प्रमुख धार्मिक, सार्वजनिक एवं विकास स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।




