प्रतापगढ़ : विश्वकर्मा जयंती पर कारीगरों को टूलकिट, युवाओं को ऋण के चेक*
हुनर को मिला सहारा, स्वरोजगार की राह हुई आसान*
प्रतापगढ़। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को मौर्या रिसॉर्ट, चिलबिला में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट एवं उद्यम स्थापना के लिए ऋण के चेक वितरित किए।विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत प्रशिक्षित हलवाई ट्रेड के लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। वहीं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के प्रशिक्षित लाभार्थी को भी टूलकिट दी गई। टूलकिट मिलने से कारीगरों को अपने पारंपरिक हुनर को रोजगार और स्वरोजगार के रूप में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं व्यवसाय क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने के लिए लाभार्थियों को ऋण के चेक भी वितरित किए गए। अग्रणी बैंक प्रबंधक नीरज सिंह तथा ग्रामीण बैंक के समन्वयक ने भी लाभार्थियों को चेक प्रदान किए।विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि युवाओं, कारीगरों और उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र युवा और कारीगर इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय शुरू करें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।सहायक आयुक्त उद्योग जगत नारायण सिंह यादव ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की सुविधाओं एवं ऋण व्यवस्था की जानकारी दी। उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के उद्देश्य एवं लाभ बताते हुए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 के संबंध में भी लाभार्थियों को जानकारी दी।कार्यक्रम की शुरुआत में उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आयोजन में अजय प्रसाद, मुकेश चंद्र मौर्य, देवराज, अजय शर्मा, कफील अहमद एवं ऋषि मिश्रा का सहयोग रहा। संचालन प्रमुख उद्यमी मो. अनाम ने किया।


