प्रतापगढ़: स्पेशल टीम और कंधई पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में 35.84 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ तीन युवक गिरफ्तार*
तस्करी में प्रयुक्त बाइक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल समेत अन्य सामान किया बरामद*
प्रतापगढ़। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में कंधई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 35.84 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पारदर्शी पन्नियां, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सचिन तिवारी उर्फ दिलावर पुत्र कपिल देव तिवारी, निवासी पूरे भुलई के पास से 21.43 ग्राम एमडी, सिद्धार्थ शुक्ला पुत्र राजमणि शुक्ला, निवासी गोगलापुर के पास से 8.23 ग्राम तथा अश्वनी तिवारी पुत्र निशाकांत तिवारी, निवासी तरहा के पास से 6.18 ग्राम एमडी बरामद हुई। इसके अलावा सचिन तिवारी के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नौ छोटी पारदर्शी पन्नियां और POCO कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। तीनों आरोपियों के पास से बरामदगी में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया। बरामदगी के आधार पर थाना कंधई में मु0अ0सं0 214/2026 के तहत धारा 338/336(3)/340(2) बीएनएस एवं 22(C) एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना कंधई पुलिस के उपनिरीक्षक अनुपम पटेल, उपनिरीक्षक कैलाश यादव समेत पुलिसकर्मी तथा स्पेशल टीम और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।