जौनपुर, उत्तर प्रदेश
तीखी आवाज़ 24 निर्भीक · निष्पक्ष · निरंतर हिंदी समाचार · पूर्वांचल
ब्रेकिंग
30 लाख का इनामी नक्सली बृजेश गंझू मुठभेड़ में ढेर सेवा संकल्प के तहत सिगरामऊ थाना प्रभारी की अनूठी पहल* अर्थ फाउंडेशन के तत्वावधान में दो दिवसीय महालक्ष्मी यज्ञ का शुभारंभ उमरा प्रतापगढ़ में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया बाबा कीनाराम जी का षष्ठी पर्व रतासी चौराहे पर 20 सितंबर को लगेगा निःशुल्क नेचुरोपैथी हेल्थ चेकअप एवं जागरूकता कैंप यूबीआई ने धूमधाम से मनाया 52वां स्थापना दिवस
प्रतापगढ़

प्रतापगढ़ : प्रभारी मंत्री ने किया तीन दिवसीय अजगरा महोत्सव - 2026 का भव्य शुभारंभ

*यक्ष-युधिष्ठिर संवाद से हुआ उद्घाटन, पौराणिक विरासत को संरक्षित करने पर दिया जोर*

प्रतापगढ़, 15 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मंगलवार को पौराणिक स्थल अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पहुंचकर तीन दिवसीय अजगरा महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे महोत्सव का शुभारंभ पौराणिक परंपरा के अनुरूप यक्ष-युधिष्ठिर संवाद के माध्यम से हुआ। पौराणिक सरोवर अजगरा पर उच्चतर प्राथमिक विद्यालय तुलसी का पुरवा के छात्र प्रियांशु वर्मा ने प्रभारी मंत्री से यक्ष का प्रश्न पूछा, जिसका मंत्री ने संवाद के माध्यम से उत्तर दिया। इसके बाद प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने पौराणिक सरोवर पर दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने अजगरा मंदिर परिसर एवं संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातत्व अवशेषों का अवलोकन कर उनके संबंध में जानकारी प्राप्त की। महोत्सव परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल एवं मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया और विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के पौराणिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास को लेकर विशेष रुचि रखते हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के साथ ही उसे नई पीढ़ी से जोड़ा जाए और ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को व्यापक पहचान दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि अजगरा जनपद की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की पौराणिकता एवं ऐतिहासिक महत्व को सामने लाने में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ को अभिनव एवं सार्थक पहल बताते हुए जिला प्रशासन की सराहना की। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के माध्यम से आठ प्रतिभागियों का चयन ‘अजगरा अष्ट’ के रूप में किया गया है। ये प्रतिभागी 17 सितम्बर 2026 को यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा उन्हें सम्मानित किया जाएगा जिलाधिकारी ने पं. राजेश कुमार पाण्डेय ‘निर्झर प्रतापगढ़ी’ की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुरातत्व एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने तथा अजगरा की ऐतिहासिक विरासत को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
*कजरी और लोकगायन ने बांधा समां*
इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डा. शिवानी मातनहेलिया के साथ विधायक जीतलाल पटेल ने कजरी गीत की प्रस्तुति दी, जबकि डा. शिवानी मातनहेलिया के लोकगायन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों ने भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन डा. मो. अनीस एवं धर्मेन्द्र ओझा ने किया। महोत्सव में उपस्थित लोगों ने पौराणिक स्थल, संग्रहालय, विभागीय प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। प्रमुख उपस्थित लोग: पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह एवं राय साहब सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह, पं. राजेश कुमार पाण्डेय ‘निर्झर प्रतापगढ़ी’, दिनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।