आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएगा प्रतापगढ़, 17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा दीप प्रज्वलन
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी बढ़ाएं, ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर दें विकसित भारत का संदेश : प्रभारी मंत्री
प्रतापगढ़, 12 सितंबर। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान के सफल संचालन, कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना, भाजपा महामंत्री राजेश सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह, विधायक सदर प्रतिनिधि अरूण कुमार मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा प्रदेश सरकार के 10 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
17 सितंबर को जलेंगे ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर विशेष कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के रूप में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के साथ ही आम नागरिक अपने घरों, प्रतिष्ठानों, प्रमुख विकास कार्यों, अवस्थापना परियोजनाओं, सरकारी भवनों एवं आवासों पर दीप जलाएंगे। जनपद के 10 प्रमुख स्थलों पर वृहद स्तर पर दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, इन्फ्लुएंसर एवं आम नागरिकों से ‘आशीर्वाद का दीया’ के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की गई।
विकास खंडों में लगेंगे जनसमस्या समाधान कैंप
प्रभारी मंत्री ने प्रत्येक विकास खंड में एक सप्ताह तक जनसमस्याओं के समाधान के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए। कैंपों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ आमजन की अन्य समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने धारा-24 के मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई तथा विभागवार नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए।
जिला स्तर पर 76×76 फीट और विकास खंड स्तर पर 17×17 फीट की रंगोली बनवाने के निर्देश भी दिए गए। रंगोली में किसी भी प्रकार के केमिकल अथवा प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने को कहा गया।
चरणबद्ध तरीके से होंगे विभिन्न कार्यक्रम
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान विभिन्न तिथियों पर ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’ (डिजिटल एवं रील्स अभियान), ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के संग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित लाभार्थियों का अद्यतन एवं प्रमाणिक डाटा बैंक तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों का चिन्हीकरण, रूट व्यवस्था, विभागीय समन्वय एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनभागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।



