प्रतापगढ़ : सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक*
*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
प्रतापगढ़। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसामान्य की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के 10 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी (डिजिटल एवं रील्स अभियान), सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, सेवा के संग-राष्ट्र के संग तथा सुशासन सेवा संवाद जैसे कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे।
सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित लाभार्थियों का अद्यतन एवं प्रामाणिक डेटा-बैंक तैयार करें। कार्यक्रम स्थलों का चिन्हीकरण, रूट व्यवस्था, विभागीय समन्वय सहित अन्य आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.एन. प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


