प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा तंबूरा नाले में नहाते समय 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत*
गहरे पानी में जाने के बाद तेज धारा में बहा शुभम, एक घंटे की तलाश के बाद 20 मीटर दूर मिला शव*
प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा। थाना क्षेत्र के उदईशाहपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तंबूरा नाले में नहाने गए 17 वर्षीय शुभम यादव की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक ग्रामीणों ने नाले में उसकी तलाश की। घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर शुभम का शव बरामद हुआ। परिजन उसे तत्काल सीएचसी अमरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उदईशाहपुर गांव निवासी राजेश यादव का पुत्र शुभम यादव शुक्रवार सुबह दो अन्य किशोरों के साथ तंबूरा नाले में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगा। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान रोहित पुत्र राकेश कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन शुभम तेज बहाव में बह गया। शुभम के डूबने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने नाले में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग 20 मीटर दूर शुभम का शव मिला। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी अमरगढ़ लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता राजेश यादव दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि मां संगीता घर पर रहती हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


