प्रतापगढ़: जनपद न्यायाधीश, डीएम व एसपी ने जिला कारागार का किया संयुक्त निरीक्षण*
बैरकों से पाकशाला, अस्पताल। और महिला बैरक तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
प्रतापगढ़, जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गुरुवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*बैरकों, पाकशाला, अस्पताल व लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण*
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर, विभिन्न बैरकों, पाकशाला, लीगल एड क्लीनिक, चिकित्सालय तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। बंदियों द्वारा तैयार किए जा रहे आंवला उत्पादों को भी देखा और जेल में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
*बंदियों से सीधे संवाद, समस्याओं के निस्तारण के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, जरूरतों एवं सुझावों को सुना। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बंदियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
*महिला बंदियों के स्वास्थ्य व सुविधाओं की ली जानकारी*
महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने महिला बंदियों से उनके स्वास्थ्य, खान-पान, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं किशोर बैरक में किशोर बंदियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा ग्रहण करने तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
*सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश*
अधिकारियों ने जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का निरीक्षण करते हुए सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुमुद उपाध्याय, सिविल जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एएन प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




