प्रतापगढ़ पट्टी : मानक के विपरीत सड़क निर्माण का विरोध करने पर
ठेकेदार पर गाली-गलौज कर गोली चलाने का आरोप, पुलिस ने थार और ट्रैक्टर समेत दो वाहन कब्जे में लिए*
प्रतापगढ़। पट्टी नगर से सटे कोठियार गांव में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विरोध करने पर फायरिंग की घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे ठेकेदार ने गाली-गलौज करते हुए गोली चला दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और तनाव व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
*30 लाख रुपये की लागत से हो रहा सड़क निर्माण*
ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से करीब 30 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण का टेंडर कराया गया है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ने पर फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया।
*मौके से खोखा बरामद, दो वाहन पुलिस के कब्जे में*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया। साथ ही महिंद्रा थार जीप और गिट्टी लदे स्वराज ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई।
*मुन्ना पटेल ने दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस*
गांव निवासी मुन्ना पटेल ने मामले में पुलिस को लिखित तहरीर दी है। सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवालों के बीच फायरिंग की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। अब पुलिस जांच और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कार्रवाई पर लोगों की नजर टिकी है।



