जौनपुर के डीएम सैमुअल पाल एन. का तबादला, उमेश मिश्रा होंगे नए जिलाधिकारी
योगी सरकार ने 16 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में किया फेरबदल*
*सात महीने बाद बदले गए सैमुअल पाल*
जौनपुर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस क्रम में जौनपुर समेत भदोही, चंदौली, गोंडा, श्रावस्ती और शामली के जिलाधिकारियों को भी बदल दिया गया है।
जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. को सहकारिता विभाग में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात उमेश मिश्रा को जौनपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। सैमुअल पाल एन. का जौनपुर में करीब सात महीने का कार्यकाल रहा।
**मुजफ्फरनगर में 26 महीने तक संभाली डीएम की जिम्मेदारी**
जौनपुर के नवनियुक्त जिलाधिकारी उमेश मिश्रा वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें वर्ष 2024 में मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया था, जहां उन्होंने करीब 26 महीने तक प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वे बिजनौर, अमरोहा और कुशीनगर में भी जिलाधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। उनके जौनपुर आगमन से जिले में प्रशासनिक कार्यों को लेकर नई उम्मीदें जताई जा रही हैं।