प्रतापगढ़: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर पट्टी तहसील में हुआ प्रशिक्षण, 17 नवंबर से शुरू होंगे दावे-आपत्तियां*
ड्राफ्ट मतदाता सूची का होगा प्रकाशन, 16 दिसंबर तक जुड़ेंगे नए नाम और होगा संशोधन*
प्रतापगढ़ में एसडीएम पट्टी सुनील कुमार निर्देश में आगामी विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर सोमवार को तहसील पट्टी सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं पदाभिहित अधिकारियों को अभियान की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण में बताया गया कि 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उपयोग की जानकारी दी गई।
*तीन प्रपत्रों से होगा मतदाता सूची में सुधार*
फॉर्म-6 के माध्यम से ऐसे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे, जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को या उससे पूर्व 18 वर्ष पूरी हो रही है। फॉर्म-7 के जरिए डुप्लीकेट, मृतक, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाने तथा शामिल नामों पर आपत्ति दर्ज कराने की व्यवस्था रहेगी।वहीं फॉर्म-8 के माध्यम से पहले से दर्ज मतदाताओं के नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कराया जा सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 17 नवंबर को तहसील मुख्यालय के साथ सभी मतदान केंद्रों एवं मतदान स्थलों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
*अर्ह मतदाता सूची में नाम जरूर जांचें*
विधानसभा क्षेत्र 249 पट्टी के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने निर्धारित मतदान केंद्र, मतदान स्थल अथवा तहसील कार्यालय पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि परिवार में कोई ऐसा सदस्य है, जिसकी आयु 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष पूरी हो रही है और उसका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराएं।प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रह जाए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी नागरिकों से पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।