जौनपुर, उत्तर प्रदेश
तीखी आवाज़ 24 — निर्भीक · निष्पक्ष · निरंतर
ब्रेकिंग
रविवार से लापता किशोर का शौचालय के पीछे मिला शव प्रतापगढ़: बेंती में बागेश्वर धाम सरकार की कथा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां* रारीकला पीली नदी घाट पर छठ पूजा संपन्न टेंट हटाते समय हाइटेंशन तार की चपेट में आया युवक माता-पिता, गुरु और मित्र के यहां बिना बुलावे जाना अनुचित नहीं : श्यामजी महाराज सिगरामऊ व जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन,
जौनपुर

माता-पिता, गुरु और मित्र के यहां बिना बुलावे जाना अनुचित नहीं : श्यामजी महाराज

कटका में शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन सुनाया गया माता सती का प्रसंग, कथा सुन भावुक हुए श्रद्धालु

संवाददाता:- माता चरण पांडे 

बरईपार (जौनपुर)। कटका गांव में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक श्यामजी महाराज ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए माता सती के त्याग और उनके जीवन से जुड़ी मार्मिक कथा सुनाई। कथा प्रसंग के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

श्यामजी महाराज ने कहा कि माता-पिता, गुरु और मित्र के यहां बिना निमंत्रण भी जाना अनुचित नहीं है, लेकिन अन्य स्थानों पर बिना बुलावे जाना उचित नहीं माना जाता। उन्होंने माता सती के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि पिता दक्ष द्वारा आयोजित यज्ञ में भगवान शिव का अपमान किए जाने से आहत होकर माता सती ने योगाग्नि में अपने प्राण त्याग दिए थे। उन्होंने कहा कि जहां अपने पति का सम्मान न हो, वहां ठहरना उचित नहीं है। माता सती के त्याग और भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रसंग सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।

कथावाचक ने भगवान शिव के वैराग्य, तपस्या और भक्तों के प्रति उनकी असीम कृपा का भी विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ भाव के भूखे हैं। सच्ची श्रद्धा से अर्पित किया गया एक लोटा जल भी उन्हें प्रसन्न करने के लिए पर्याप्त है। शिव नाम का स्मरण करने से मनुष्य को आत्मिक शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।

कथा के दौरान हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान रहा। अंत में भगवान शिव की आरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य यजमान आशा मिश्रा सहित डॉ. रमेश चंद्र मिश्र, सुरेश कुमार मिश्र, राधेश्याम मिश्र, विनय मिश्र, कृष्ण चंद्र मिश्र, डॉ. शाश्वत, गौरव, प्रशांत, शशांक, तारकेश्वर, हर्ष, मृदुल मिश्र समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।