प्रतापगढ़: नगर पंचायत ढकवा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व
*छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, नगर पंचायत की बेहतरीन व्यवस्थाओं से व्रती महिलाओं को मिलीं सुविधाएं*
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छठ घाट पर व्रती महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं संतान की दीर्घायु की कामना की। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत ढकवा द्वारा बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई थीं। घाट की साफ-सफाई, सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भी आयोजन में सहभागिता की।इस दौरान *नगर पंचायत ढकवा की प्रशासक एवं एसडीएम न्यायिक सीमा भारती ने घाट पर उपस्थित रहकर व्रती महिलाओं के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। अधिशासी अधिकारी अमित सिंह तथा थाना प्रभारी आसपुर देवसरा धनंजय राय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।* अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस की मुस्तैदी से पूरे आयोजन में शांति एवं सुरक्षा बनी रही। नगर पंचायत की बेहतर व्यवस्थाओं, प्रशासनिक सक्रियता और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।


