सुल्तानपुर: धनपतगंज लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार*
सहयोगी ने ही रची थी चांदी के आभूषण लूटने की साजिश, 8.50 लाख के जेवर व अवैध तमंचा बरामद*
सुल्तानपुर। धनपतगंज थाना क्षेत्र में चांदी के आभूषण लूटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.50 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा-कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
*सहयोगी ने बनाई थी लूट की योजना*
पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को चांदी कारोबारी हिमाचल मिश्रा अपने सहयोगी लल्लन गिरी के साथ दिल्ली से चांदी के आभूषण लेकर बल्लीपुर में दुकानदारों को माल सप्लाई करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचे की बट से सिर पर प्रहार कर आभूषणों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर धनपतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
*पांच टीमों ने किया घटना का अनावरण*
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएचओ धनपतगंज के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस सहित पांच टीमों का गठन किया गया। सीओ बल्दीराय के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तेजी से जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर लल्लन गिरी और राधेश्याम वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
*दिल्ली से बुलाए गए थे वारदात करने वाले बदमाश*
पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी का सहयोगी लल्लन गिरी कई दिनों से लूट की योजना बना रहा था। उसने अपने गांव के साथी राधेश्याम वर्मा को भी योजना में शामिल किया। राधेश्याम ने दिल्ली में अपने परिचित दो व्यक्तियों को वारदात को अंजाम देने के लिए सुल्तानपुर बुलाया था। पुलिस के मुताबिक, उन्हीं व्यक्तियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
*4.262 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद*
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार किलो 262 ग्राम चांदी के आभूषण तथा कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
