प्रतापगढ़ : नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये ठगे, महिला के नाम पर कराया 60 हजार का फाइनेंस*
आसपुर देवसरा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, कब्जे से एसी, इन्वर्टर और बैटरी बरामद*
प्रतापगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से 50 हजार रुपये की ठगी करने और उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर 60 हजार रुपये का फाइनेंस कराने के मामले में आसपुर देवसरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बोल्टास एसी (इनडोर व आउटडोर यूनिट), इन्वर्टर और बैटरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार थाना पट्टी क्षेत्र के ग्राम नेवादा निवासी महिला की मुलाकात 23 जून 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पट्टी में संजय कुमार गौतम निवासी महड़ौरा से हुई थी। आरोपी ने बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद महिला को रामगंज बाजार स्थित अभय इंटरप्राइजेज दुकान पर ले जाकर मनीष सिंह के साथ मिलकर आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और हस्ताक्षरयुक्त सादे कागजात ले लिए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर महिला के नाम पर एसी, इन्वर्टर और बैटरी के लिए 60 हजार रुपये का ऋण करा लिया गया।
इस मामले में दर्ज मुकदमे के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाराणसी-लखनऊ हाईवे से नगर छतौना रोड के पास से संजय कुमार गौतम पुत्र गोपी निवासी महड़ौरा, थाना आसपुर देवसरा को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी सैफाबाद योगेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अवधराज यादव, शिवम त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।