प्रतापगढ़: जिला कारागार में करवा चौथ की दिखी अनूठी छटा, 14 महिला बंदियों ने रखा व्रत*
पति की लंबी उम्र के लिए की पूजा-अर्चना, मंगलगीतों से गूंजा जेल परिसर*
प्रतापगढ़, 30 अक्टूबर। जिला कारागार प्रतापगढ़ में 29 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस बार भी कारागार परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर कुल 14 महिला बंदियों ने करवा चौथ का निर्जला उपवास रखकर अपने पतियों की लंबी उम्र और सुखमय जीवन की कामना की। महिला बंदियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पारंपरिक मंगलगीत गाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। जेल की चारदीवारी के भीतर भी महिलाओं की आस्था और परंपराओं के प्रति समर्पण देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान कारागार का वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा महिला बंदियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।कार्यक्रम में जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी, जेलर वीरेन्द्र कुमार वर्मा, डिप्टी जेलर लालाराम वर्मा, कमलेश कुमार एवं शारदा देवी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

