प्रतापगढ़ : बूथों पर विशेष कैंप लगाकर मतदाता सूची में जोड़े जा रहे नाम*
डीएम अभिषेक पाण्डेय ने सगरा बूथ का किया निरीक्षण, पात्र युवाओं को मतदाता बनाने पर दिया जोर*
प्रतापगढ़, में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए रविवार को जनपद के सभी बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों के माध्यम से पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर दिया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने विकास खंड सदर के प्राथमिक विद्यालय सगरा स्थित बूथ का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया। तीन बूथों पर तैनात मिले बीएलओ निरीक्षण के दौरान भाग संख्या 28 पर बीएलओ सुषमा, भाग संख्या 29 पर बीएलओ सुशील कुमार तथा भाग संख्या 30 पर बीएलओ कमला देवी मौजूद मिलीं। वहीं, सुपरवाइजर धर्मेंद्र ओझा भी उपस्थित रहे। बीएलओ ने बताया कि बूथ संख्या 28 पर फार्म-6 के दो तथा बूथ संख्या 30 पर भी फार्म-6 के दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन प्रक्रिया की ली जानकारी जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर से प्राप्त आवेदनों, मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की कार्रवाई और अभियान की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए कौन-कौन से आवश्यक दस्तावेजों की जरूरत होती है। पात्र मतदाता नाम जुड़वाने से न रहें वंचित डीएम अभिषेक पाण्डेय ने निर्देश दिया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं तक अभियान की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। इसके लिए गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

