प्रतापगढ़ थाना आसपुर देवसरा : हर पूजा पंडाल में सीसीटीवी अनिवार्य, सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर*
10 वालेंटियर संभालेंगे भीड़ का प्रबंधन, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई*
प्रतापगढ़। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को आसपुर देवसरा थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने दुर्गा पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और भीड़ प्रबंधन के लिए कम से कम 10 वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मूर्ति स्थापना से लेकर विसर्जन तक पुलिस की निगरानी रहेगी और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसडीएम पट्टी सुनील कुमार, सीओ पट्टी प्रदीप सिंह, थाना प्रभारी राकेश चौरसिया, रामगंज नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह, दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व एसडीएम सुनील कुमार ने पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने नवरात्रि के धार्मिक महत्व के साथ आध्यात्मिक और वैज्ञानिक पहलुओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी की जिम्मेदारी है कि सामाजिक समरसता बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें ।सीओ पट्टी प्रदीप सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक दुर्गा पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कम से कम 10 वालेंटियर की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति स्थापना से लेकर विसर्जन तक पुलिस की निगरानी बनी रहेगी। किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी राकेश चौरसिया ने पूजा समितियों से मूर्ति विसर्जन निर्धारित पारंपरिक स्थलों पर ही करने तथा भीड़ प्रबंधन में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था और आमजन की सुविधा प्रभावित न हो।बैठक में मौजूद दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि नवरात्रि पर्व के दौरान सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा और शांतिपूर्ण आयोजन में पूरा सहयोग दिया जाएगा। थाना परिसर में दोपहर 2:30 बजे से 3 बजे तक चली बैठक में सुरक्षा, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।



