प्रतापगढ़ : नवरात्रि, दशहरा, भरत मिलाप व दीपावली पर सुरक्षा का रहेगा कड़ा पहरा
डीएम अभिषेक पाण्डेय सख्त, साफ-सफाई, यातायात और कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
प्रतापगढ़ आगामी नवरात्रि, दशहरा, भरत मिलाप एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, संबंधित अधिकारियों, विभिन्न धर्मों के प्रबुद्धजनों, दुर्गा पूजा आयोजन समितियों के सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थलों और आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतें तथा आयोजन समितियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। शांति और कानून-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों से अपील की कि सभी पर्व पारंपरिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें, ताकि जिले में त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द कायम रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रेमचंद मौर्य सहित संबंधित अधिकारी, विभिन्न धर्मों के प्रबुद्धजन, दुर्गा पूजा आयोजन समितियों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


