प्रतापगढ़ : इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर डीएम सख्त, जांच को भेजा सैंपल
मनैतापुर में निर्माण कार्य का निरीक्षण, मानक से समझौता होने पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रतापगढ़, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने तहसील पट्टी क्षेत्र के ग्राम मनैतापुर में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत आरईडी द्वारा कराए जा रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने मौके से निर्माण सामग्री का सैंपल लेकर पीडब्ल्यूडी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही कराया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भूमिहीन महिला को पट्टा दिलाने के निर्देश, तीन दिन में शुरू होगा आवास निर्माण
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ग्राम उतरास पहुंचे, जहां उन्होंने रेखा मिश्र पत्नी राजन मिश्र के प्रकरण की मौके पर जांच की। उन्होंने लेखपाल को निर्देश दिया कि महिला के भूमिहीन होने के कारण नियमानुसार पट्टा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही दान में प्राप्त भूमि पर तत्काल कब्जा दिलाकर तीन दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपदा राहत कोष से अहेतुक सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य प्रजापति भी मौजूद रहे।




