स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ड्यूटी से घर लौटते समय हुआ हादसा, टक्कर के बाद उछलकर पेड़ से टकराया युवक; कार सवारों पर नशे में होने का आरोप*
संवाददाता:- माता चरण पांडे
बरईपार (जौनपुर)।** सुजानगंज थाना क्षेत्र के दारूनपुर गांव के पास बुधवार की रात सुजानगंज-बरईपार मार्ग पर स्विफ्ट डिजायर कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया।
जानकारी के अनुसार, सुजानगंज थाना क्षेत्र के सोनहिता गांव निवासी सुरेश यादव (40) उर्फ दरोगा, कौरहा स्थित एक राइस मिल में चालक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात करीब आठ बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दारूनपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सुरेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
**कार सवारों पर शराब के नशे में होने का आरोप**
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार सवार भाऊपुर गांव से सुजानगंज एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। आरोप है कि कार चालक समेत उसमें सवार सभी लोग शराब के नशे में थे। बताया जाता है कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर पहले भी कार सवारों ने एक अन्य बाइक को टक्कर मारी थी। हालांकि, बाइक सवार खेत में गिर जाने के कारण बाल-बाल बच गया था।
**दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया**
सुरेश यादव दो भाइयों में छोटे थे। उनके परिवार में 14 वर्षीय बेटी श्रेया यादव और 12 वर्षीय बेटा आदित्य यादव हैं। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।