प्रतापगढ़ : हाईकोर्ट से राज्यसभा तक पहुंचे राधाकांत ओझा*
पट्टी के रमईपुर दिशिनी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता को भाजपा ने बनाया राज्यसभा प्रत्याशी*
प्रतापगढ़ जनपद की पट्टी तहसील के रमईपुर दिशिनी क्षेत्र से निकलकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा को भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया है। सोमवार को भाजपा द्वारा जारी आठ प्रत्याशियों की सूची में उनका नाम शामिल होने के बाद पट्टी समेत पूरे प्रतापगढ़ जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। राधाकांत ओझा लंबे समय से इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का दायित्व दो बार सफलतापूर्वक निभाया है। वर्ष 1988 में वकालत की शुरुआत करने वाले ओझा ने विधिक क्षेत्र में अपने अनुभव, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता के बल पर अलग पहचान स्थापित की है। राधाकांत ओझा प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवाकांत ओझा के भाई हैं। भाजपा द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा के बाद उनके पैतृक क्षेत्र पट्टी और प्रतापगढ़ में समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि विधिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राधाकांत ओझा को राष्ट्रीय राजनीति में नई जिम्मेदारी मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है, जबकि नामांकन प्रक्रिया 6 अक्टूबर तक चलेगी।
