प्रतापगढ़ : संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, सीएमओ ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी*
स्वच्छता, जागरूकता और समय पर उपचार से ही संचारी रोगों पर लगेगी रोक : डॉ. ए.एन. प्रसाद*
प्रतापगढ़, 01 अक्टूबर 2026। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण तथा आमजन को इन रोगों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.एन. प्रसाद ने जिला अस्पताल परिसर से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य चिकित्साधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को स्वच्छता अपनाने तथा संचारी रोगों के प्रसार को रोकने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें विभिन्न विभागों और आम जनता की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, लेप्टोस्पायरोसिस सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जागरूकता और समय पर जांच एवं उपचार ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडे ने बताया कि 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराने के लिए जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत निकाली गई जागरूकता रैली जिला अस्पताल परिसर से शुरू होकर चौक घंटाघर, पंजाबी मार्केट होते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा, एएनएम, नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिकारी-कर्मचारी, अपर पंचायत राज अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


