प्रतापगढ़ : मोबाइल पशु चिकित्सालय ने सोनपुरा वार्ड नंबर 8 में किया पशुओं का टीकाकरण
*एलएमपी से बचाव को लेकर पशुपालकों को किया जागरूक, साफ-सफाई व नियमित निगरानी की दी सलाह*
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा-सोनपुरा के वार्ड नंबर 8 में बुधवार को मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई की टीम ने पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण किया। पशु चिकित्सा अधिकारी देवसरा लालजी यादव के निर्देशन में मोबाइल पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डाॅ. शाहरुख अहमद के नेतृत्व में टीम ने पशुपालकों के पशुओं की जांच की और आवश्यकतानुसार टीके लगाए।
टीकाकरण अभियान के दौरान चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। विशेष रूप से एलएमपी (लम्पी स्किन डिजीज) से बचाव को लेकर पशुपालकों को जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि पशुओं की नियमित निगरानी, साफ-सफाई और समय पर टीकाकरण बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
टीम ने पशुपालकों को सलाह दी कि यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो उसे अन्य पशुओं से अलग रखते हुए तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करें। साथ ही पशुओं के रहने वाले स्थान की नियमित साफ-सफाई रखने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। मोबाइल पशु चिकित्सालय की टीम के वार्ड में पहुंचने से पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर ही पशुओं की जांच, उपचार एवं टीकाकरण की सुविधा मिली। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का टीकाकरण कराया और चिकित्सकों से पशुओं के स्वास्थ्य एवं बीमारी से बचाव संबंधी जानकारी प्राप्त की।
