लंभुआ से लखनऊ तक गूंजा संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा
यूजीसी के नियमों में संशोधन और फर्जी मुकदमों पर प्रभावी कानून की उठी मांग
लंभुआ। निषाद पार्टी के तत्वावधान में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सामान्य वर्ग संवैधानिक सुरक्षा अधिकार सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में लंभुआ विधानसभा क्षेत्र से निषाद पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और प्रबुद्ध वर्ग के लोग पहुंचे।
मुख्य अतिथि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने संवैधानिक अधिकार, आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि यूजीसी के नियम-कानून में समय और परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए।
एससी-एसटी कानून के संदर्भ में उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज होने की शिकायत पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जानबूझकर निर्दोष व्यक्ति को गलत तरीके से फंसाने की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई का प्रभावी प्रावधान होना चाहिए।
सम्मेलन में डॉ. आशीष तिवारी ने डॉ. संजय निषाद का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया और बजरंगबली की प्रतिमा भेंट की। पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने सम्मेलन में पहुंचे लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। डॉ. तिवारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को नेतृत्व तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सेवार्थम फाउंडेशन जरूरतमंदों की सेवा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।