प्रतापगढ़ : स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य को लेकर नगर पंचायत ढकवा में लगा स्वास्थ्य शिविर*
स्वच्छता ही सेवा - 2026’ अभियान के तहत कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच, स्वस्थ रहने के दिए गए जरूरी सुझाव*
प्रतापगढ़ स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के क्रम में मंगलवार को नगर पंचायत ढकवा में समस्त कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नगर पंचायत में स्वच्छता सहित विभिन्न कार्यों में जुटे कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। स्वास्थ्य शिविर के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा चिकित्सकों द्वारा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए। चिकित्सकों ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, संतुलित खान-पान अपनाने तथा कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया। नगर पंचायत के स्वच्छता कर्मचारियों को अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर ढंग से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं। स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन नगर को साफ-सुथरा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। शिविर में डॉ. राधेश्याम रजक, डॉ. अमृतलाल, युवराज सिंह, सुशील तिवारी, राजवती सिंह, संगीता तथा वार्ड ब्वाय संतोष कुमार मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह भी शिविर में उपस्थित रहे और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


