प्रतापगढ़ : नगर पंचायत ढकवा टूटे छप्परों में गुजर-बसर को मजबूर गरीब परिवार*
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. की टीम ने नगर पंचायत ढकवा में किया स्थलीय निरीक्षण,*
प्रतापगढ़ नगर पंचायत ढकवा में गरीब और असहाय परिवारों की आवास संबंधी समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के जिला संयोजक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के आसपुर देवसरा ब्लाक अध्यक्ष कमलेश पाण्डेय अपने सहयोगियों के साथ बजरंगबली के दर्शन कर विभिन्न वार्डों में पहुंचे। टीम ने जरूरतमंद परिवारों के घर जाकर उनकी स्थिति देखी और आवास योजना का लाभ न मिलने के संबंध में जानकारी ली। टीम सबसे पहले वार्ड नंबर 7, नगर निवासी हरीलाल गुप्ता पुत्र निरहू के आवास पर पहुंची। हरीलाल गुप्ता अपनी पत्नी के साथ टूटे-फूटे छप्पर में किसी तरह जीवन गुजार रहे हैं। टीम द्वारा आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधान की ओर से कॉलोनी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। उनका आरोप है कि कॉलोनी मिलने की उम्मीद में उन्होंने जमीन गिरवी रखकर दस हजार रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें आवास मिला और न ही रकम वापस हुई। रकम मांगने पर उन्हें लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। हरीलाल ने बताया कि नगर पंचायत बनने के बाद उन्होंने सभासद से भी आवास के लिए आवेदन कराने की बात कही थी, लेकिन कागजात सही न होने की बात कहकर उन्हें टाल दिया गया। इसके चलते आज भी उनका परिवार जर्जर छप्पर में रहने को मजबूर है। इसके बाद टीम वार्ड नंबर 7 के ही राकेश विश्वकर्मा पुत्र छोटेलाल विश्वकर्मा के घर पहुंची। राकेश ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत में आवास के लिए कई बार आवेदन किया, लेकिन अभी तक आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। उनका कहना था कि हर बार केवल आश्वासन ही मिलता रहा और परिवार को छोटे से छप्पर में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। टीम ने वार्ड नंबर 5, पूरा प्रथम निवासी श्रीराम पुत्र जोखईराम के घर का भी निरीक्षण किया। यहां भी परिवार की स्थिति बेहद दयनीय मिली। परिवार छप्पर में रहने को मजबूर है। श्रीराम ने बताया कि आवास के लिए कई बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें अब तक आवास नहीं मिला। अधिकारियों से संपर्क करने पर अगली बार आवेदन करने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है। इस दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के जिला संयोजक कमलेश पाण्डेय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा जिन परिवारों की स्थिति देखी गई है, उनकी समस्याओं को संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और आवास योजना का लाभ दिलाने तथा समस्याओं के निस्तारण के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी ऐसे जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर उनकी समस्याओं की जानकारी जुटाएगा और उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

