निजी खर्च से बनेगा लंभुआ बार परिसर में वातानुकूलित सभागार
डॉ. आशीष तिवारी ने कराया भूमि पूजन, अधिवक्ताओं ने की पहल की सराहना; पूर्व सांसद प्रवीण निषाद बोले- जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं
लंभुआ, सुलतानपुर। लंभुआ तहसील बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी ने पहल की है। उनके निजी खर्च से परिसर में भव्य वातानुकूलित सभागार और सीढ़ी का निर्माण कराया जाएगा। सोमवार को विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस पहल पर मौजूद अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता जताते हुए डॉ. तिवारी की सराहना की।
समारोह में मुख्य अतिथि निवर्तमान सांसद एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक इंजीनियर प्रवीण निषाद ने कहा कि डॉ. आशीष तिवारी जो वादा करते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। धोपाप धाम में भगवान श्रीराम और निषादराज की प्रतिमा के भूमि पूजन से लेकर अनावरण तक उन्होंने अपने संकल्प को पूरा किया है। उनकी मेहनत और समर्पण सराहनीय है।

इस मौके पर अधिवक्ताओं ने कहा कि विभिन्न प्रकार की निधियां उपलब्ध होने के बावजूद बहुत से लोग ऐसे जनहितकारी कार्यों की जिम्मेदारी लेने से बचते हैं, लेकिन डॉ. तिवारी ने निजी संसाधनों से अधिवक्ता समुदाय के लिए यह पहल कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। वक्ताओं ने जरूरतमंदों और असहाय लोगों की मदद के लिए सेवार्थम फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक चर्चा भी हुई। अधिवक्ता साधु सिंह ने खुले मंच से डॉ. आशीष तिवारी को आगामी विधानसभा चुनाव में पांचों विधानसभा क्षेत्रों में से किसी भी सीट से टिकट देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि टिकट मिलने पर अधिवक्ता समुदाय उनका सहयोग करेगा।

समारोह में डॉ. अमित निषाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद, विधायक सीताराम वर्मा, ब्लॉक प्रमुख श्रवण मिश्रा, जयसिंहपुर विधायक प्रतिनिधि गुड्डू उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभागार बनने से अधिवक्ताओं को बैठकों, विचार-विमर्श और अन्य आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।