हेलीकॉप्टर से दुल्हनिया को विदा कराकर ले गया दूल्हा, *
देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, चर्चा का विषय बनी रही शादी
संवाद: माता चरण पांडे
महराजगंज, जौनपुर।**क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर उस समय कौतूहल का माहौल बन गया, जब दूल्हा हेलीकॉप्टर से बरात लेकर पहुंचा। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा कराकर ले गया। इस अनोखी शादी को देखने के लिए पहले से ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के पूरा सुजानराय उमरी गांव निवासी इदरीश शेख की पुत्री नाजिया शेख का विवाह कुशहा खमपुर निवासी रियाज हुसैन के पुत्र अफजल हुसैन के साथ तय हुआ था। दोनों गांवों के बीच की दूरी महज 15 किलोमीटर है। इसके बावजूद दूल्हे ने हेलीकॉप्टर से बरात लेकर पहुंचने और दुल्हन को भी हेलीकॉप्टर से विदा कराने का इंतजाम किया था। दुल्हन के घर के बगल में ही हेलीपैड बनाया गया था और उड़ान से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
रविवार को जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, उसे देखने के लिए महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ जमा हो गई। धूमधाम से विवाह संपन्न होने के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर हेलीकॉप्टर से रवाना हो गया। इस अनोखी विदाई को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा होती रही।